पैसों के लेन-देन को लेकर युवक को किडनैप कर मारपीट का आरोप, चप्पलों से पीटने का वीडियो वायरल
लुधियाना। थाना डिवीजन नंबर-3 के इलाके में पैसों के लेन-देन को लेकर एक युवक को जबरदस्ती गाड़ी में बिठाकर ले जाने और उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने पहले पीड़ित को कश्मीर नगर में बातचीत के बहाने बुलाया और इसके बाद उसे गाड़ी में जबरदस्ती बैठा लिया। युवक को किसी खाली प्लाट में ले जाकर उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान आरोपियों ने घटना की वीडियो भी बनाई, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
पीड़ित राहुल पाहवा ने बताया कि उसका दूसरे पक्ष के साथ पैसों का लेन-देन चल रहा था। इसी सिलसिले में दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे बातचीत करने के लिए कश्मीर नगर बुलाया था। राहुल के अनुसार, वहां पहुंचने के बाद युवकों ने उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठा लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसे एक खाली प्लाट में ले जाया गया, जहां आरोपियों ने उसके सिर पर चप्पलों से हमला किया।
वीडियो में दिखी मारपीट की घटना
वायरल वीडियो में कुछ युवक पीड़ित के आसपास खड़े दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक युवक के सिर पर बार-बार चप्पलों से मारते हुए दिखाई देता है। इस दौरान वहां मौजूद युवक पूरी घटना की वीडियो बनाते रहे। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट करने के बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया।
पीड़ित ने मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस द्वारा शिकायत और वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे और युवक को किस स्थान पर ले जाकर पीटा गया।
![]()
